सोनवर्षा नगर क्षेत्र के सुगमा पुल के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की तिलाबें नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत वार्ड संख्या 13 निवासी श्रीकांत ठाकुर के 25 वर्षीय पुत्र राणा कुमार ठाकुर शनिवार शाम शौच के लिए तिलाबें नदी किनारे गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में गिर गए, जिससे वे नदी में डूब गए।
कुछ देर बाद स्थानीय लोगों की नजर नदी किनारे पड़े राणा ठाकुर के चप्पल पर पड़ी। इससे अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की, जिसके बाद पता चला कि राणा ठाकुर नदी में डूब गए हैं। स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद उनका शव नदी से बाहर निकाला गया।
शव मिलने की सूचना पर सोनवर्षा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इस दौरान वार्ड पार्षद मनोज रजक, मनटुन सिंह समेत कई स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
घटना के संबंध में आरओ सैयद बादशाह ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक का शव नदी से बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया है।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
0 Comments