Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

सहरसा में ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम: डीएम दीपेश कुमार ने 35 आवेदनों पर की सुनवाई, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश



सहरसा, 6 मार्च 2026: जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (Ease of Living) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने की, जिसमें आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की सुनवाई की गई।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित इस जनता संवाद कार्यक्रम में कुल 35 आवेदनों पर समेकित रूप से सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और कार्यालयों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र और समुचित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुनवाई के दौरान बिहरा, सहरसा निवासी गणेश प्रसाद साह ने अपनी आवासीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले के समाधान के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता, सहरसा को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

इसी प्रकार ग्राम हसोलिया कनेरिया निवासी नुनूलाल यादव ने अपने पुत्र द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस मामले के नियमानुकूल समाधान के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, सदर और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर को आवश्यक निर्देश दिए गए।

वहीं सिमराहा, सहरसा निवासी बैजनाथ यादव ने दाखिल-खारिज लंबित रहने से संबंधित आवेदन दिया। इस पर भी जिलाधिकारी ने भूमि सुधार उप समाहर्ता, सहरसा को मामले के शीघ्र निपटारे का निर्देश दिया। इसके अलावा भरौली, सोनवर्षा कचहरी निवासी डोली कुमारी द्वारा दिए गए आवेदन के निवारण के लिए सामान्य शाखा को कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस व्यवस्था के तहत विभिन्न कार्यालयों में आम नागरिकों से जुड़ी समस्याओं की सुनवाई की जा रही है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।

आज आयोजित जनता दरबार में मृत्युंजय कुमार, गणेश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत कोषांग सहित कई अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments