Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

फेक वीडियो बनाकर शिक्षकों को ब्लैकमेल करने वाले 7 लोग गिरफ्तार


मोतिहारी/पूर्वी चंपारण:
पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में सरकारी शिक्षकों और एक प्रधानाध्यापक को ब्लैकमेल करने तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग फेसबुक और यूट्यूब पर फर्जी और भ्रामक वीडियो डालकर शिक्षकों पर दबाव बना रहे थे।

मामले में शिक्षकों और प्रधानाध्यापक अभिनव कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर हरसिद्धि थाना में कांड संख्या 140/26 दिनांक 07 मार्च 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए लोगों में रौनक कुमार (20), पंकज कुमार (23), रवीना यादव (23), उपकार पाण्डेय (21), विकास सिंह (26), अभिषेक सिंह (21) और झुन्नू सिंह (40) शामिल हैं। सभी आरोपी हरसिद्धि थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश करने के लिए भेज दिया है।

प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार ने रविवार को बताया कि सोशल मीडिया पर रील बनाकर प्रसिद्धि पाने की चाह में इन युवकों ने सरकारी कार्यालय और विद्यालय में जाकर अमर्यादित व्यवहार किया और वीडियो बनाकर वायरल किया। इससे विद्यालय के शिक्षण कार्य में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी।

बताया जा रहा है कि हरसिद्धि के पानापुर धनखरैया गांव स्थित एक विद्यालय में जाकर इन लोगों ने शिक्षकों से अभद्र तरीके से बात करते हुए वीडियो बनाया था, जिसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया था। प्रशासन की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद आरोपितों के सोशल मीडिया अकाउंट से वे वीडियो भी हटवाए, जिनमें खुलेआम पुलिस और प्रशासन को चुनौती दी गई थी।

इस मामले पर बीडीओ गुलशन कुमार ने कहा कि किसी को भी संवैधानिक तरीके से आवेदन देकर शिकायत करने का अधिकार है, लेकिन कानून को हाथ में लेकर अभद्रता करना और सोशल मीडिया के माध्यम से दबाव बनाना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का गलत इस्तेमाल है, जिससे समाज में अराजकता फैल सकती है।

Post a Comment

0 Comments