सहरसा, बिहार: शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल के बीच आगामी 7 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को संत बाबा कारू खिरहर ध्वजारोहण एवं उद्घाटन समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम डीबी रोड स्थित संत बाबा कारू खिरहर धाम मार्केट परिसर में आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों के जुटने की संभावना है।
आयोजन समिति द्वारा जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार इस अवसर पर उत्तर भारत सहित नेपाल से संत-महात्मा और श्रद्धालु शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 1 बजे से होगी, जिसमें नव-निर्मित मंदिर का विधिवत ध्वजारोहण एवं उद्घाटन किया जाएगा।
समारोह का उद्घाटन मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिनेश चंद्र यादव द्वारा किया जाएगा। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सहरसा के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी गोपाल कुमार उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष किरण देवी करेंगी तथा संचालन उपाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार द्वारा किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि 6 अप्रैल को स्थल जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जबकि 7 अप्रैल को ध्वजारोहण के साथ भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे का भी आयोजन होगा। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
इस पूरे आयोजन की व्यवस्था संत बाबा कारू खिरहर विकास परिषद, कोशी अंचल, सहरसा द्वारा की जा रही है। आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा।
इधर, अखिल भारतीय भगैत महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष देव नारायण यादव ने जानकारी दी कि भव्य मंदिर और प्रवेश द्वार निर्माण को लेकर मत्स्यगंधा परिसर स्थित संत बाबा कारू खिरहर स्थान पर बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई है। उन्होंने सभी भगता पंजियारों से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की।
वहीं, वायरल कलाकार दीपेन पंजियार ने कहा कि लंबे समय से मंदिर निर्माण की मांग की जा रही थी, जो अब साकार होने जा रही है। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी की गई है और सभी से इसमें सहयोग की अपेक्षा की गई है।

0 Comments