सहरसा, 20 मार्च 2026। जिले की प्रतिभाशाली बेटी आकांक्षा ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित NET एवं GATE परीक्षा में ऑल इंडिया 36वीं रैंक प्राप्त कर सहरसा का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे जिले में गर्व और खुशी की लहर दौड़ गई है।
नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 36 की निवासी एवं सौर बाजार प्रखंड के रहुआ गांव की मूल निवासी आकांक्षा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, सहरसा से पूरी की। इसके बाद उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। दर्शनशास्त्र विषय में उनकी विशेष रुचि रही है, जो उनकी सफलता का प्रमुख आधार बना।
आकांक्षा के पिता रश्मि रंजन झा एक सेवानिवृत्त सैन्य कर्मी हैं, जबकि माता मुनमुन झा गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने के बावजूद आकांक्षा ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
अपनी सफलता पर आकांक्षा ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता के मार्गदर्शन, समर्थन और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनका सपना प्रोफेसर बनकर शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना है, ताकि वे समाज और देश के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
परिजनों ने बताया कि आकांक्षा बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही हैं और हमेशा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। इस उपलब्धि पर दादा दादा विजेंद्र किशोर झा, दादी अमला देवी, बहन दिव्या एवं भाई आदर्श, मामा पप्पू झा, चुनचुन झा, मीरा देवी, मेघा रानी, मिष्टी सहित पूरे परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
आकांक्षा की यह सफलता सहरसा के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है, जो यह दर्शाती है कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
0 Comments