Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa : छोटू मिश्रा हत्याकांड का खुलासा, पहले 36 घंटे में 5 फिर 2 आरोपी गिरफ्तार, 3 बाइक व 2 लाख नकद बरामद



सहरसा में चर्चित सतीश झा उर्फ छोटू मिश्रा हत्याकांड में सहरसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले 36 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया, जबकि आगे की कार्रवाई में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे सदर थाना क्षेत्र के मीरा टॉकीज के समीप बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने सतीश कुमार झा को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सहरसा के सूर्या अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

मामले में मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर सदर थाना कांड संख्या 273/2026, दिनांक 14 मार्च 2026 को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सहरसा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

एसआईटी ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और लगातार छापेमारी के आधार पर महज 36 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कांड का सफल उद्भेदन कर दिया। इसके बाद अग्रतर कार्रवाई करते हुए 15 मार्च 2026 को दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना से संबंधित सामग्री भी बरामद की है। इनमें घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल, घटना के समय अभियुक्त युग कुमार द्वारा पहनी गई एक जैकेट तथा दो लाख रुपये नकद शामिल हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों में निर्भय कुमार तिवारी, पिता अजय तिवारी, निवासी तिवारी टोला वार्ड नंबर 20, थाना सदर, जिला सहरसा तथा युग कुमार, पिता स्वर्गीय अनिल कुमार मुन्ना, निवासी पुरब बाजार एमएलटी कॉलेज वार्ड नंबर 19/31, थाना सदर, जिला सहरसा शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सहरसा पुलिस ने कहा है कि अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments