Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा में 13-14 मार्च को कोसी महोत्सव, मंच पर छाएंगे सारेगामा फेम जय झा और पार्श्व गायिका नीलेफर शबनम


सहरसा: सहरसा स्टेडियम में 13 और 14 मार्च को आयोजित होने वाले कोसी महोत्सव 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। दो दिवसीय इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन में कोसी और मिथिला क्षेत्र की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिलेगी। इस बार महोत्सव की खास आकर्षण सारेगामा फेम युवा गायक जय झा और मशहूर पार्श्व गायिका नीलेफर शबनम की प्रस्तुति होगी, जिनके गीतों से महोत्सव की शाम यादगार बनने वाली है।

जिला कला संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा ने बताया कि महोत्सव का आयोजन पर्यटन विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन सहरसा के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन 13 मार्च को पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद करेंगे। इस अवसर पर सांसद दिनेश चंद्र यादव, राजेश वर्मा और मनोज झा समेत कई विधायक, विधान पार्षद और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।

महोत्सव के पहले दिन मिथिला के प्रसिद्ध कलाकार लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मंच देंगे। इसी शाम सारेगामा फेम जय झा अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे, जबकि पार्श्व गायिका नीलेफर शबनम की प्रस्तुति भी महोत्सव की मुख्य आकर्षणों में शामिल होगी।

वहीं 14 मार्च को भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी। दूसरे दिन मिथिला के कलाकारों की प्रस्तुतियों के बाद बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक विनोद राठौर अपनी टीम के साथ मंच पर प्रस्तुति देंगे। उनके लोकप्रिय गीतों को लेकर लोगों में पहले से ही खास उत्साह देखा जा रहा है।

स्नेहा झा ने बताया कि कोसी महोत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि कोसी क्षेत्र की कला, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देना भी है। महोत्सव में स्थानीय हस्तशिल्प, कला और उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन सहरसा और पूरे कोसी क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Post a Comment

0 Comments