सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के बदिया बलहमपुर वार्ड नंबर-3 में बच्चों के विवाद में गोली चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गांव के ही 12 वर्षीय किशोर ने 13 वर्षीय प्रिंस कुमार को घर बुलाकर उसके सिर में गोली मार दी।
गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल प्रिंस को आनन-फानन में नजदीकी निजी क्लीनिक ले जाया गया। स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सहरसा रेफर कर दिया। सहरसा के एक निजी अस्पताल में जांच के दौरान पता चला कि गोली सिर के आर-पार हो गई है, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे पटना के हायर सेंटर भेज दिया गया।
घायल प्रिंस स्थानीय निवासी सिकंदर यादव का पुत्र है और अपनी दो बहनों का इकलौता भाई बताया जा रहा है। बेटे की हालत गंभीर होने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बच्चों के आपसी विवाद में यह घटना हुई है और पूरे मामले की सघन तहकीकात कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
0 Comments