महिषी प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना महिषी प्रखंड के गंडोल चौक के समीप हुई, जहां बाइक से जा रहा युवक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में युवक का एक पैर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घायल युवक की पहचान नवहट्टा प्रखंड के डरहार थाना क्षेत्र के लालपुर निवासी राजो साह के पुत्र सोहित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोहित कुमार किसी काम से बाइक से जा रहा था। इसी दौरान गंडोल चौक के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक भारी वाहन की चपेट में आ गया।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक का एक पैर पूरी तरह कट गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंडोल चौक के आसपास तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने और वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
0 Comments