Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa : सहरसा में तेज आंधी-तूफान से फसलों की तबाही, किसानों ने मांगा मुआवजा



सहरसा (बिहार): जिले में बीते दिन आए तेज आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खासकर पतरघट प्रखंड के जम्हरा पंचायत में मक्का, गेहूं समेत कई फसलें बुरी तरह बर्बाद हो गई हैं। खेतों में तैयार खड़ी फसल देखते ही देखते गिरकर नष्ट हो गई, जिससे सैकड़ों किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

जम्हरा पंचायत के मुखिया धीरेन्द्र महतो ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला कृषि पदाधिकारी को पत्र सौंपकर प्रभावित किसानों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है। उन्होंने बताया कि पंचायत के सैकड़ों किसानों की कई एकड़ फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है।



मुखिया ने विशेष रूप से छोटे और बटाईदारी पर खेती करने वाले किसानों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जो किसान बटाई पर खेती कर अपनी जीविका चलाते हैं, उनके सामने अब बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे किसानों के पास नुकसान की भरपाई का कोई अन्य साधन नहीं है।

धीरेन्द्र महतो ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जल्द से जल्द विभागीय जांच कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।

वहीं, किसान अब सरकार और प्रशासन की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। उनका कहना है कि अगर समय पर सहायता नहीं मिली, तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट गहरा सकता है।

Post a Comment

0 Comments