सहरसा/देहरादून: पत्नी की रोज-रोज की किचकिच से परेशान एक शख्स ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले रंजीत शर्मा ने अपनी पहली पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और चार दिनों तक शव को रजाई में छिपाकर रखा। इस दौरान वह अपनी 11 माह की मासूम बच्ची को दूसरे कमरे में दूध पिलाता रहा।
इतना ही नहीं, जब उसकी दूसरी पत्नी मौके पर पहुंची तो दोनों ने मिलकर शव को प्लास्टिक के कट्टे में पैक किया और बाइक से करीब 5 किलोमीटर दूर ले जाकर जंगल में ठिकाने लगा दिया। आरोपी को लगा कि वह इस घटना को छिपाने में सफल हो जाएगा, लेकिन देहरादून पुलिस ने 2500 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
जंगल में मिला था महिला का शव
बीते 11 मार्च को देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला जंगल में शीतला माता मंदिर परिसर के पास एक महिला का शव प्लास्टिक के कट्टे में मिला था। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी।
2500 CCTV और 5000 लोगों से पूछताछ
मामले के खुलासे के लिए पुलिस की आठ टीमों को लगाया गया। टीमों ने करीब 2500 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और 30 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले करीब 5000 लोगों से पूछताछ की।
इसी दौरान 19 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि एक मजदूर की पत्नी अचानक गायब है, जिसके बाद जांच की दिशा सहरसा निवासी रंजीत शर्मा की ओर मुड़ गई।
सहरसा कनेक्शन से खुला राज
पुलिस ने संदिग्ध रंजीत शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। रंजीत सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र का निवासी है और देहरादून के भट्टोवाला इलाके में मजदूरी करता था।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी 2009 में रूपा से हुई थी। चार साल पहले रूपा उसे छोड़कर दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई थी। इसके बाद रंजीत ने सुशीला नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली।
करीब एक महीने पहले रूपा अपनी 11 माह की बच्ची के साथ वापस रंजीत के पास आ गई और उसके साथ रहने लगी। वह लगातार रंजीत पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी और फोन पर बात करने से रोकती थी।
5 मार्च को इसी विवाद के चलते गुस्से में आकर रंजीत ने रूपा की गला घोंटकर हत्या कर दी।
चार दिन तक शव के साथ रहा, फिर बाइक से ले जाकर फेंका
हत्या के बाद आरोपी ने शव को चार दिनों तक रजाई में छिपाकर रखा। इसी दौरान वह उसी घर में रहकर बच्ची की देखभाल करता रहा।
बाद में अपनी दूसरी पत्नी की मदद से शव को कट्टे में पैक कर बाइक से करीब 5 किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर फेंक दिया। मासूम बच्ची अपनी मां के लिए रोती रही, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा।
ब्लाइंड मर्डर केस में गिरफ्तारी
देहरादून पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए आरोपी रंजीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 11 मार्च को मिले अज्ञात शव की पहचान रूपा (32) के रूप में की गई है।
सहरसा में भी चर्चा का विषय
इस घटना के सामने आने के बाद सहरसा जिले में भी सनसनी फैल गई है। एक मजदूर द्वारा की गई इस निर्मम हत्या ने लोगों को हैरान कर दिया है और पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है।
0 Comments