सहरसा। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या पांच स्थित महर्षि मेंहीं चौक पर शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चाय-नाश्ते की दुकान में गैस सिलिंडर लीक होने से अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, समय रहते पहुंचे अग्निशमन दल की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया।
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी श्याम सुंदर यादव ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही वे अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। आग गौतम कुमार की चाय-नाश्ते की दुकान में लगी थी, जिसका कारण गैस सिलिंडर में रिसाव बताया जा रहा है। दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों और आवासीय क्षेत्र को सुरक्षित बचा लिया गया।
दुकानदार गौतम कुमार के अनुसार, इस घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक मूल्य के सामान का नुकसान हुआ है। घटना के समय स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई थी, लेकिन अग्निशमन कर्मियों ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
आग बुझाने की इस कार्रवाई में प्रधान अग्निक रवि प्रसाद, चालक नवीन कुमार, हेमलता कुमारी, बिट्टू कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
.png)
0 Comments