सहरसा। प्रयागराज में हुई दर्दनाक दुर्घटना में मृतकों के आश्रित परिवारों को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सोमवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने संबंधित परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत स्वीकृत अनुग्रह अनुदान राशि चेक के माध्यम से वितरित की।
ज्ञात हो कि जनपद प्रयागराज के सोरांव तहसील अंतर्गत चंदापुर गांव स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज की दीवार गिरने से हुई दुर्घटना में सलखुआ के तीन व्यक्तियों—ज्योतिष कुमार, सनोज चौधरी उर्फ विलट चौधरी तथा मसिंदर सादा—की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मृतकों के आश्रितों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई गई।
जिलाधिकारी ने मृतकों के आश्रितों में रीता देवी, मुन्नी देवी एवं फूलों देवी को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि के चेक सौंपे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
उन्होंने अंचलाधिकारी सलखुआ को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत के रूप में आवश्यक पर्चा उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ भी शीघ्र मिल सके।
इस मौके पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) संजीव कुमार चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर आलोक रॉय समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
0 Comments