सोनवर्षा अंचल क्षेत्र के साहपुर पंचायत स्थित हरीपुर गांव में रविवार को उस समय मातम छा गया जब 55 वर्षीय एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान हीरा पासवान की पत्नी जयमाला देवी (55) के रूप में की गई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए।
जानकारी के अनुसार जयमाला देवी रविवार को मवेशियों के लिए चारा लाने नौलखा बहियार गई थीं। चारा काटने के दौरान वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। उनके साथ मौजूद अन्य महिलाओं ने सांप काटने की आशंका जताई, जबकि परिजनों का कहना है कि उनकी मौत हृदयाघात (हार्ट अटैक) से हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल बेहोशी की हालत में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनवर्षा ले गए, जहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी सोनवर्षा के प्रभारी चिकित्सक डॉ. लक्ष्मण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की मौत हृदयाघात से होने की पुष्टि हुई है।
मृतका की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। जयमाला देवी अपने पीछे तीन पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भी शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

0 Comments