टीवी एक्ट्रेस और डांसर संभावना सेठ की जिंदगी में लंबे इंतजार के बाद खुशियों ने दस्तक दी है। कई मुश्किलों, मिसकैरेज और फेल्ड IVF के बाद 45 साल की उम्र में मां बनीं संभावना सेठ ने 4 जून को सरोगेसी के जरिए अपने जुड़वा बच्चों का स्वागत किया। बेटे और बेटी के घर आने के बाद पूरा परिवार खुशी से झूम रहा है।
मां बनने के कुछ ही दिनों बाद संभावना सेठ अब अपने काम पर वापस लौट आई हैं। वह जल्द ही राजीव खंडेलवाल के शो 'तुम हो ना' में अपनी जिंदगी की जर्नी शेयर करती नजर आएंगी। शो के शूट से पहले संभावना ने अपने कमबैक, जुड़वा बच्चों और पति अविनाश द्विवेदी को लेकर कई बातें साझा कीं।
सेट पर वापसी को लेकर संभावना ने कहा कि बच्चों के जन्म के बाद यह उनका पहला दिन है जब वह दोबारा कैमरे के सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि सेट पर वापस आकर उन्हें बेहद खुशी मिल रही है। एक कलाकार के लिए सेट का माहौल और काम करने का अनुभव बहुत खास होता है।
अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर में पति अविनाश द्विवेदी के सपोर्ट को याद करते हुए संभावना भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी में 'तुम हो ना' वाला इंसान कोई और नहीं बल्कि उनके पति अविनाश हैं।
संभावना ने कहा, "मैं तुम हो ना का टैग अपने पति अविनाश को ही देना चाहूंगी। उनके अलावा कोई नहीं हो सकता। अगर मेरे पति मेरे साथ हैं तो फिर मुझे किसी और की जरूरत नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा, "वो हैं तो सबकुछ पॉसिबल है। लोग कहते हैं भगवान हमारे साथ हैं, मैं कहती हूं मेरा अविनाश है ना तो सब ठीक है।"
संभावना ने बताया कि पिछले कई सालों से उनकी जिंदगी में कई चीजें रुकी हुई थीं। उन्होंने अपने व्लॉग्स के जरिए अपनी जर्नी और संघर्ष लोगों के साथ साझा किया था। अब बच्चों के आने के बाद उनकी जिंदगी में नई शुरुआत हुई है।
उन्होंने कहा, "हमारी जिंदगी में 10 साल के बाद खुशियां आई हैं। हम इसके लिए बहुत शुक्रगुजार हैं। मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करना चाहती हूं जिन्होंने हमारे लिए दुआएं मांगीं।"
हाल ही में संभावना ने अपने व्लॉग में दिखाया था कि कैसे उनके ससुराल वाले जुड़वा बच्चों पर प्यार बरसा रहे हैं। परिवार का इतना अपनापन देखकर संभावना भावुक हो गई थीं और उनकी आंखों से आंसू निकल आए थे।
अब संभावना सेठ अपनी नई जिम्मेदारियों और काम के बीच जिंदगी के इस खूबसूरत सफर को आगे बढ़ा रही हैं।

0 Comments