Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

कोसी के उफान के बीच राहत की पहल, 1,350 परिवारों तक पहुंचेगी मदद - Chandra Times



सहरसा। कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर और नेपाल में आई बाढ़ के असर के बीच सहरसा और सुपौल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय संस्था सेवा इंटरनेशनल ने कोटक महिंद्रा बैंक के सहयोग से बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राशन किट और राहत सामग्री पहुंचाने का अभियान शुरू किया है।

इस अभियान के तहत सहरसा और सुपौल जिले के 35 से अधिक गांवों में रहने वाले 1,350 से ज्यादा परिवारों तक तत्काल आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। बांध क्षेत्र और बाढ़ प्रभावित ग्रामीण इलाकों में टीम द्वारा जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है।



सेवा इंटरनेशनल से जुड़े अभिषेक ने बताया कि संस्था वर्ष 2008 से लगातार कोसी क्षेत्र में काम कर रही है। पिछले वर्ष भी बाढ़ के दौरान प्रभावित ग्रामीणों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया था। इस वर्ष भी बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सहरसा और सुपौल के 35 से अधिक गांवों में राहत अभियान शुरू किया गया है।

वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक से जुड़े अमित ने कहा कि सेवा इंटरनेशनल और बैंक मिलकर बाढ़ प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना अभियान की प्राथमिकता है।



जलई गांव के निवासी नीतीश ने राहत अभियान की सराहना करते हुए बताया कि बाढ़ की स्थिति में राहत किट ग्रामीणों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। राहत सामग्री में राशन के साथ पानी की बोतल, महिलाओं के लिए सैनिटरी नैपकिन, साबुन और दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। जरूरतमंद परिवारों को बारिश और बाढ़ से बचाव के लिए तिरपाल भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

सेवा इंटरनेशनल की टीम स्थानीय स्तर पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का आकलन कर जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने में जुटी है। संस्था का प्रयास है कि आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों को उनकी तत्काल जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Post a Comment

0 Comments