Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : पटना की राज्य स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में सहरसा के दिलखुश ने जीता कांस्य पदक



सहरसा। पटना में आयोजित 7वीं राज्य स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में सहरसा के युवा खिलाड़ी दिलखुश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने सहरसा के खेल जगत को गौरवान्वित किया है।

सहरसा जिला साइकलिंग संघ के सचिव दर्शन कुमार गुड्डू ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि करीब चार वर्ष पहले सहरसा जिले में साइकलिंग संघ की स्थापना हुई थी। इन चार वर्षों में पहली बार सहरसा के किसी खिलाड़ी ने राज्य स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने इसे सहरसा के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

जिला साइकलिंग संघ के संरक्षक सह जिला खेल संघ के सचिव रोशन सिंह धोनी ने कहा कि साइकिलिंग ऐसा खेल है, जिसके जरिए खिलाड़ी ओलंपिक तक का सफर तय कर सकता है। इसके साथ ही साइकिलिंग स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि सहरसा में लगातार खेलों के लिए बेहतर माहौल तैयार हो रहा है। विभिन्न खेल संघों के प्रयास से जिले के खिलाड़ी अब राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि प्रीति कुमारी ने कुश्ती और मोहम्मद मेराज आलम ने एथलेटिक्स में बेहतर प्रदर्शन कर बिहार सरकार की 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' नीति के तहत नौकरी हासिल की है। दोनों वर्तमान में सहरसा समाहरणालय में निम्न वर्गीय लिपिक के पद पर कार्यरत हैं।



तीन साल की मेहनत का मिला परिणाम

सिसई वार्ड नंबर-10 निवासी दिलखुश कुमार, पिता चंद्रदेव यादव, एक सामान्य परिवार से आते हैं। उन्होंने 10 किलोमीटर सब-जूनियर क्रॉस कंट्री मास्टर स्टार्ट वर्ग की साइकिलिंग प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी अपना दावा मजबूत किया है।

दिलखुश लगातार तीन वर्षों से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे थे। आखिरकार लगातार मेहनत और लगन का परिणाम उन्हें पदक के रूप में मिला। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि संसाधन सीमित होने के बावजूद निरंतर मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

दिलखुश की सफलता पर जिला साइकलिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. जयंत आशीष, उपाध्यक्ष विवेकानंद सिंह सहित जिले के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने बधाई दी। सभी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए बनेगी योजना

इस मौके पर सिमरी बख्तियारपुर के विधायक संजय कुमार सिंह ने भी दिलखुश को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले में साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा, ताकि सहरसा के स्थानीय खिलाड़ियों को इसका अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि साइकिलिंग को खेल, रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

जिला साइकलिंग संघ के संरक्षक रोशन सिंह धोनी ने उम्मीद जताई कि दिलखुश की यह सफलता सहरसा के अन्य युवाओं को भी साइकिलिंग और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Post a Comment

0 Comments